Follow-up news
---रेलवे अधिकारियों को ही नहीं थी पैसेंजर रद्द होने की जानकारी, यात्रियों को दे दी टिकट---
रेल प्रशासन ने रविवार से नागपुर-इटारसी पैसेंजर को 31 दिसंबर तक के लिए रद्द कर दिया है। ट्रेन के रद्द होने से यात्रियों की परेशानी बढ़ गई है। पैसेंजर के रद्द होने की जानकारी नहीं होने से कई यात्री स्टेशन पहुंच गए थे। रेलवे के अधिकारियों को ट्रेन के रद्द होने की जानकारी नहीं होने से रविवार दोपहर को यात्रियों को पैसेंजर की टिकट दे दी थी। बाद में अपनी गलती का एहसास होने के...
more... बाद टिकट देना बंद कर दिया।
पैसेंजर से यात्रा करने पहुंची यात्री शांता बाई ने बताया अपने परिवार के साथ बैतूल से सलैया जा रही थीं। टिकट घर से पैसेंजर का घोड़ाडोंगरी तक टिकट लिया। इसके बाद प्लेटफार्म पर बैठकर ट्रेन के आने का इंतजार कर रही थी। काफी देर तक इंतजार करने पर ट्रेन के नहीं आने पर प्लेटफार्म पर बैठे अन्य यात्रियों से पैसेंजर के आने का समय पूछा तो यात्रियों ने बताया पैसेंजर रद्द है। इसके बाद अब सुपर ट्रेन की टिकट लेकर यात्रा करनी पड़ रही है।
50 रुपए अधिक देकर सुपर ट्रेन से करनी पड़ी यात्रा: कड़जाम निवासी फुलकू सलाम, चेतू धुर्वे ने बताया मजदूरी करने गांव के 15 लोग के साथ कमलेश्वरा जाने के लिए रेलवे स्टेशन आए थे। पैसेंजर से 35 रुपए में कमलेश्वरा पहुंच जाते थे। अब 50 रुपए अधिक देकर यात्रा करना पड़ेगा।
रेलवे ने नहीं की वैकल्पिक व्यवस्था
नागपुर-इटारसी पैसेंजर रद्द होने के बाद रेलवे ने अब तक यात्रियों की सुविधा के लिए कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की है। इसके कारण छोटे स्टेशन के यात्रियों को परेशानी हो रही है। सबसे अधिक परेशानी बैतूल से इटारसी के बीच के छोटे स्टेशन मरामझिरी, धाराखोह, बरबटपुर, मगरडोह, ढोढरामोहर, पोलापत्थर, कालाआखर, सहेली, ताकू, कीरतगढ़ के यात्रियों को हो रही है। इन स्टेशनों पर सिर्फ पैसेंजर का ही स्टापेज है। रेलवे ने पैसेंजर रद्द कर इन स्टेशनों के यात्रियों से ट्रेन की सुविधा छीन ली है।